नई दिल्ली।
देश में कोरोना के मरीजों की संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटे में 3 हजार 138 एक्टिव केस कम हुए हैं। देश में अब कुल 3 लाख 54 हजार 904 (कुल संक्रमितों का 3.62%) एक्टिव केस (Active Case) हैं, यानि इतने मरीजों का इलाज चल रहा है। यह पिछले 148 दिन में सबसे कम है। इससे पहले 17 जुलाई को देश में 3 लाख 59 हजार 679 एक्टिव केस थे।
देश में अब तक सिर्फ 11.74% टेस्टिंग
138 करोड़ की आबादी में अब तक केवल 11.74% यानी 15 करोड़ 26 लाख लोगों का कोरोना टेस्ट हो पाया है। इसमें 6.45% यानी 98.57 लाख लोग संक्रमित पाए गए हैं। टेस्टिंग के आंकड़ों पर नजर डालें, तो देश में हर 10 लाख की आबादी में 1.10 लाख लोगों की जांच हो रही है।
अब तक 98.57 लाख केस
देश में अब तक 98 लाख 57 हजार 380 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 54 हजार 904 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 93 लाख 56 हजार 879 लोग ठीक हो चुके हैं। 1 लाख 43 हजार 055 लोगों की मौत हो चुकी है।
देश के 31 राज्य और केंद्र शासित राज्यों का रिकवरी रेट 90% से अधिक है। मतलब इन राज्यों में 90% से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। सबसे ज्यादा रिकवरी रेट आंध्र प्रदेश का है। रिकवरी रेट में सबसे खराब स्थिति हिमाचल प्रदेश की है।