
नई दिल्ली: दिव्यांग लोग भी अपने पहचान पत्र पर कोविन 2.0 पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र को भी केन्द्र सरकार ने टीके के लिए रजिस्ट्रेशन में मान्यता दे दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को को-विन 2.0 पर पंजीकरण करते समय विशिष्ट दिव्यांगता पहचान (यूडीआईडी) कार्ड को फोटो आईडी के रूप में शामिल करने के लिए कहा है।

को-विन 2.0 पर टीकाकरण से पहले लाभार्थी के सत्यापन के लिए सात निर्धारित फोटो पहचान पत्र तय किए गए थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को लिखे पत्र में कहा है कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड जारी करता है। इस कार्ड में सभी जरूरी जानकारी मसलन नाम, जन्म का वर्ष, लिंग और व्यक्ति का फोटो है, जो कोविड-19 टीकाकरण में पहचान के लिए मानदंडों को पूरा करती हैं। इन बातों को देखते हुए दिव्यांग जनों के लिए टीकाकरण को सुविधाजनक बनाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को सलाह दी है कि वे कोविड टीकाकरण के लिए एक स्वीकार्य फोटो आईडी के रूप में यूडीआईडी कार्ड के उपयोग का व्यापक प्रचार करें।


