नई दिल्ली।

देश में हवाला नेटवर्क को लेकर आयकर विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। चीन की कंपनियों द्वारा देश में हवाला के बड़े नेटवर्क का आयकर विभाग की टीम ने भंडाफोड़ किया है।

इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने कुछ चीनी नागरिकों और उनके भारतीय सहयोगियों के खिलाफ छापेमारी की है, जिसमें 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा के हवाला ट्रांजेक्शन का पता चला है।खुफिया जानकारी के बाद आयकर विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में ताबड़तोड़ छापे मारे।

खुफिया विभाग के इनपुट के आधार पर आयकर विभाग की टीम ने दिल्ली, गाजियाबाद, गुरुग्राम में 21 ठिकानों पर छापेमारी की और एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। अभी तक जांच एजेंसियों ने 300 करोड़ रुपए के हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है, लेकिन यह आंकड़ा हजारों करोड़ रुपए से ज्यादा का है।
सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेस की ओर से बयान जारी करके कहा गया कि सर्च ऑपरेशन में यह बात सामने आई है कि चीनी व्यक्ति के मदद से 40 से अधिक बैंको में अलग-अलग फर्जी कंपनियों से लेनदेन किया गया, जिसमे 1000 करोड़ रुपए से अधिक क्रेडिट किए गए हैं। चीनी कंपनियों से जुड़ी कंपनियों ने तकरीबन 100 करोड़ रुपए के फर्जी एडवांस पेमेंट लिए ताकि नया बिजनेस खोल सके। इसके लिए हवाला के पैसों का इस्तेमाल किया गया। इसमे बैंक के कर्मचारियों, सीए की भी सक्रिय भूमिका है। छापेमारी के दौरान हॉन्गकॉन्ग और अमेरिका से पैसे के लेनदेन की जानकारी सामने आई है।


