

नारायणपुर।

Chhattisgarh Naxal Attack : छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में मंगलवार को नक्सलियों ने DRG जवानों से भरी बस में ब्लास्ट कर दिया। इस हमले में 3 जवान शहीद हो गए हैं, जबकि 8 घायल बताए जा रहे हैं। ब्लास्ट के दौरान बस में 24 जवान सवार थे। सूचना मिलते ही बैकअप फोर्स को मौके पर रवाना कर दिया गया है। सभी जवान एक ऑपरेशन में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। छत्तीसगढ़ के DGP डीएम अवस्थी ने घटना की पुष्टि की है।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ''छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में कड़ेमेटा और कन्हरगांव के बीच नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के बस को बारूदी सुरंग में विस्फोट कर उड़ा दिया है। घटना में तीन जवान शहीद हो गए हैं जबकि कई अन्य जवान घायल हैं।''

छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी ने बताया कि सुरक्षा बल के जवानों को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था। अभियान से वापसी के दौरान वह एक बस में सवार थे। बस जब कड़ेमेटा और कन्हरगांव गांव के मध्य पहुंची तब नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद अतिरिक्त सुरक्षा बल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, जिले के कड़ेनार इलाके में धौड़ाई और पल्लेनार के बीच घना जंगल है। नक्सलियों ने यहीं पर घात लगाकर बस को निशाना बनाकर IED ब्लास्ट किया है। बताया जा रहा है कि यह जवान मंदोड़ा जा रहा थे।
नक्सलियों ने 6 दिन पहले भेजा था शांति वार्ता का प्रस्ताव
नक्सलियों ने 17 मार्च को शांति वार्ता का प्रस्ताव सरकार के सामने रखा था। नक्सलियों ने विज्ञप्ति जारी कर कहा था कि वे जनता की भलाई के लिए छत्तीसगढ़ सरकार से बातचीत के लिए तैयार हैं। उन्होंने बातचीत के लिए तीन शर्तें भी रखीं थीं। इनमें सशस्त्र बलों को हटाने, माओवादी संगठनों पर लगे प्रतिबंध हटाने और जेल में बंद उनके नेताओं की बिना शर्त रिहाई शामिल थीं।




