
Nalanda: बिहार में नालंदा जिले के मघड़ा में मंगलवार सुबह माता शीतलाष्टमी मंदिर में भगदड़ मच गयी। जिसमें 8 महिलाओं की मौत हो गई है। जबकि 6 से ज्यादा लोग घायल हैं।

चैत्र महीने का आज आखिरी मंगलवार है, इसलिए मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। प्रशासन ने हादसे के बाद मंदिर और मेला को बंद करवा दिया है।

8 मृतकों में से 2 की पहचान हो पाई है। जिसमें सकुन्त बिहार निवासी दिनेश रजक की पत्नी रीता देवी (50), मथुरापुर नूरसराय निवासी कमलेश प्रसाद की पत्नी रेखा देवी (45) शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल भेजा गया है।

दर्शन करने की जल्दबाजी में मची भगदड़
महिला भक्तों ने बताया कि चैत्र महीने का ये आखिरी मंगलवार है। यहां मेला लगा था। भीड़ ज्यादा हो गई। मंदिर का गर्भगृह भी छोटा है। लोग जल्दी-जल्दी दर्शन करने के लिए एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश में थे। कोई लाइन में लगकर पूजा नहीं करना चाह रहा था। इसी कारण भगदड़ मच गई।
शीतला अष्टमी को होती है मुख्य पूजा
ये मंदिर नालंदा के बिहारशरीफ से लगभग 5 किलोमीटर दूर मघड़ा गांव में है। चैत्र कृष्ण पक्ष की अष्टमी, यानी शीतला अष्टमी को मुख्य पूजा होती है। इस दिन घरों में चूल्हा नहीं जलता है। भक्त माता को एक दिन पहले बने ठंडे भोजन का भोग लगाते हैं। इसलिए यहां भीड़ उमड़ती है।
हादसे के बाद पटना कमिश्नर को बिहारशरीफ भेजा गया है। सीएम ने मुख्य सचिव को जांच के निर्देश दिए हैं। मौके पर पुलिस बल मौजूद है।


