
Patna: पिछले तीन दिनों से बिहार के कई जिलों में कड़ी धूप निकलने के बाद से दिन में ठंड से राहत मिली है। लेकिन पहाड़ों पर अचानक शुरू हुई बर्फबारी के बाद उत्तर भारत में एक बार फिर ठंड बढ़ गई। आने वाले दिनों में इसका असर बिहार में भी देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के चलते बिहार में फिर से ठंड बढ़ सकती है।
विभाग की माने तो 17 जनवरी को एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है, जिससे 20-21 जनवरी को बारिश के आसार हैं, जिससे ठिठुरन और बढ़ जाएगी। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे तापमान बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है। 21 जनवरी से पछुआ हवा तेज चलेगी। इससे राज्य में ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है। खासकर रात और सुबह के समय लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने आज 8 जिलों में कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।


