Patna: बिहार विधानसभा चुनाव का समय जैसे जैसे सामने आ रहा है वैसे वैसे राजनीति दलाें की सक्रियता बढ़ने लगी है। यह सक्रियता विपक्ष के साथ सत्ता पक्ष में भी नजर आने लगी है। इस बीच सत्ता पक्ष अपनी मजबूती दिखाने का संकेत दे रहा है।

दरअसल पहली बार जनता दल यूनाइटेड ( जदयू) के पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीरें औपचारिक रूप से लगाई गई हैं। इन पोस्टरों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक साथ नजर आ रहे हैं। यह कदम बिहार की राजनीति में संभावित नई दिशा की ओर इशारा करता है।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ यदि नीतीश कुमार के रिश्ते काे देखा जाये ताे नीतीश कुमार का भाजपा के साथ रिश्ता दो दशकों से बना रहा है, हालांकि बीच में वे करीब तीन साल महागठबंधन (राजद और कांग्रेस) का हिस्सा भी रहे लेकिन यह पहली बार है कि जदयू के पार्टी कार्यालय में पीएम मोदी की तस्वीरों को सार्वजनिक रूप से और पूरे प्रचारात्मक अंदाज़ में जगह दी गई है।
जदयू कार्यालय में जो पोस्टर लगाए गए हैं उनमें बिहार के विकास को केंद्र में रखा गया है। पोस्टरों पर नारे भी लिखे गए हैं, जिसमें…
“महिलाओं को मिला रोजगार — नीतीश और मोदी की सरकार”
“रोजगार का मतलब — नीतीश और मोदी की सरकार”
“बिहार में लगे उद्योग-धंधे — नीतीश मोदी की सरकार”
इन नारों के जरिए जनता को यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि अगर दोनों नेता साथ आते हैं तो बिहार को और मजबूती से आगे बढ़ाया जा सकता है। यह बदलाव सिर्फ पोस्टर तक सीमित नहीं है, बल्कि एक राजनीतिक संदेश है।
भाजपा और जदयू ने भले ही पिछले कुछ वर्षों में रास्ते अलग किए हों, लेकिन 2025 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए एक बार फिर गठबंधन की संभावनाएं खुली हुई दिख रही हैं।
(HS)



