
Motihari: बिहार में शिक्षा विभाग का एक और अजीब मामला सामने आया है। विभाग ने एक पुरुष शिक्षक को महिला शिक्षिका बताकर स्कूल का हेडमास्टर (Head Master) बनाने का आदेश दे दिया। मामला बिहार के मोतिहारी जिले के अरेरज प्रखंड का है।

जहां के भेलानारी विद्यालय से जुड़े एक पत्र में डीपीओ स्थापना साहेब आलम की ओर से एक पुरुष शिक्षक को महिला ‘वरिष्ठ शिक्षिका’ बताकर विद्यालय का हेड मास्टर (प्रधानाध्यापक) का प्रभार देने का आदेश जारी कर दिया गया है। यह पत्र 19 जून को पत्रांक 3236 के तहत जारी हुआ था, जिसमें जीवन ज्योति नाम के शिक्षक को एचएम प्रभार सौंपने का आदेश दिया गया है।

पत्र के मुताबिक, अरेरज के बीईओ से विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों की पदस्थापन सूची मांगी गई थी। लेकिन बीईओ की ओर से सूची नहीं देने पर, प्रभारी एचएम द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर जीवन ज्योति को वरिष्ठ शिक्षिका मानकर हेडमास्टर का प्रभार सौंपने का आदेश जारी किया। डीपीओ ने बीईओ को यह भी निर्देश दिया कि वे अपनी देखरेख में इस आदेश का पालन सुनिश्चित करें।
इस पत्र के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों की जमकर आलोचना हो रही है। पत्र में शिक्षक जीवन ज्योति को ‘वरिष्ठ शिक्षिका’ बताने को लेकर लोग विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि भेलानारी स्कूल के शिक्षक जीवन ज्योति पुरुष हैं। लेकिन, डीपीओ स्थापना के पत्र में उन्हें महिला शिक्षिका बना दिया गया है। इसी वजह से इस पत्र की खूब चर्चा हो रही है और लोग इसे सोशल मीडिया पर खूब शेयर कर रहे हैं। लोग शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।
हालांकि एन सेवन इंडिया डॉट कॉम इस वायरल पत्र की पुष्टि नहीं करता।


