
Jamui: जमुई में रविवार दोपहर एक भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। घटना बरहट थाना क्षेत्र स्थित बखारी चौक के पास हुई। मृतक की पहचान राजकुमार यादव, पिता योगेंद्र यादव निवासी एकड़रवा गांव लक्ष्मीपुर के रूप में की गई है। वह पेशे से ट्रक चालक थे।

सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक युवक के द्वारा बताया जा रहा है कि बाइक में एक जेसीबी वाले ने टक्कर मारा था, जिसके बाद बाइक में आग लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजकुमार यादव पल्सर बाइक से मलयपुर की ओर जा रहे थे, तभी बखारी चौक के पास बाइक की टंकी और पहिये में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाके के साथ ही बाइक में आग लग गई और कुछ ही देर में पूरी बाइक जलकर राख हो गई। हादसे में राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बरहट थाना पुलिस को सूचना दी। थाना अध्यक्ष कुमार संजीव दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे, जहां का माहौल गमगीन हो गया। परिवार वालों ने बाइक में तकनीकी खराबी या किसी बाहरी कारण से विस्फोट की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
जेसीबी की टक्कर से हुई मौत
ग्रामीण मिथिलेश कुमार ने बताया कि राजकुमार पेशे से ट्रक ड्राइवर था।ट्रक चलाकर घर आया था। पत्नी का तबीयत खराब था वह दिखाने के लिए जमुई आया था। जमुई में ही पत्नी और मां को छोड़ दिया और कहा कि तुम लोग डॉक्टर से दिखाकर आ जाना। तभी बखारी गांव के पास एक जेसीबी वाला ने टक्कर मार दिया। जेसीबी से टक्कर मारने के बाद बाइक की टंकी में बलास्ट हो गया। बाइक में आग लगने से वह झुलस भी गया। जिससे उसकी मौत हो गई। राजकुमार के शादी का एक साल अभी हुआ ही था। जेसीबी वाला मौके से फरार हो गया।


