
Patna: पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की भांजी डॉ. सोनी यादव समेत 4 लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा गुरुवार रात 10 बजे उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के बिरनो थाना क्षेत्र में हुआ। जब सभी प्रयागराज महाकुम्भ से लौट रहे थे।

मृतकों में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की भांजी डॉ. सोनी यादव, उनकी बुआ गायत्री देवी, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव विपिन मंडल और ड्राइवर सलाउद्दीन शामिल हैं।

सभी प्रयागराज से महाकुंभ स्नान कर लौट रहे थे, तभी उनकी कार वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन हाईवे पर खड़े ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में 4 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि डॉ. सोनी के असिस्टेंट दीपक झा गंभीर रूप से घायल हैं।
शुरुआती जांच में पता चला है कि ड्राइवर को नींद आने के कारण यह हादसा हुआ। ड्राइवर सलाउद्दीन को नींद आने पर दीपक झा ने गाड़ी चलाना शुरू किया था। कार रोड साइड में खड़े गिट्टी लदे ट्रक में जाकर पीछे से घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ कासिमाबाद अनिल चन्द्र तिवारी, सदर SDM और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का आगे का हिस्सा ट्रक में जा घुसा। ट्रेलर में बुरी तरह फंसी कार को बाहर निकालने के लिए पहले ट्रैक्टर मंगवाया गया। काफी मशक्कत के बाद भी कार बाहर नहीं निकाली जा सकी।
इसके बाद ट्रेलर को ऊपर उठाने के लिए क्रेन बुलाई गई। फिर भी कार नहीं निकली। साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद कार के गेट को तोड़कर शवों और घायल को बाहर निकाला गया।
सांसद की भांजी सोनी यादव पेशे से डॉक्टर थीं। डॉ. सोनी यादव जनता चौक रेलवे ढाला इलाके में पति और बच्चों के साथ रहती थीं। पति डॉ. मुकेश यादव भी पेशे से डॉक्टर हैं।
सोनी के जुड़वां बेटे हैं। जिस वक्त हादसा हुआ पति और बच्चे घर पर ही थे। पूर्णिया के लाइन बाजार इलाके में इनका दुर्गा नर्सिंग होम नाम का निजी हॉस्पिटल है।


