
Deoghar: चीन में कोरोना ने तबाही मचाई है और इसको लेकर दुनिया के कई देशों में टेंशन बढ़ गई है। चीन वाले कोरोना को लेकर भारत सरकार भी अलर्ट है। पूरे देश में कोरोना के नए वेरिएंट BF.7 से लड़ने के लिए अस्पतालों में इमरजेंसी मॉक ड्रिल किया गया। इसी कड़ी में मंगलवार को देवघर सदर अस्पताल में भी सिविल सर्जन युगल किशोर चौधरी के नेतृत्व में अस्पताल के सभी कर्मचारियों के साथ अस्पताल के सभी उपकरणों का मॉक ड्रिल किया गया।

मॉक ड्रिल में 1000 एलपीएम के ऑक्सीजन प्लांट को चालू किया गया। वहीं सदर अस्पताल में मौजूद 250 एलपीएम के ऑक्सीजन प्लांट को जल्द शुरू करने की बात कही गई। इसके साथ पीकू वार्ड , आइसोलेशन वार्ड, आईसीयू वार्ड सहित अन्य वार्डों में सिविल सर्जन ने निर्देशित करते हुए कर्मचारियों को कहा कि सभी वार्ड में पाइप लाइन से ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित करें। कहीं भी त्रुटि होने पर उसे जल्द से जल्द ठीक करें ताकि नए वेरिएंट कोरोना से हम लड़ सके। इसके साथ ही वेंटिलेटर को भी सुचारु रूप से चलाने की बात कही गई।

देवघर सिविल सर्जन ने कहा कि बिना निमंत्रण के कोरोना नहीं आता है। इसलिए आप अपना बचाव खुद करें। भीड़-भाड़ वाले जगहों में जाने से बचें। मास्क का जरूर उपयोग करें।

इधर, देवघर एयरपोर्ट पर रैंडम कोरोना जांच किया जाएगा, जिससे विदेश से पहुंचने वाले यात्रियों को कोरोना जांच कर पॉजिटिव आने पर आइसोलेट किया जाएगा।


