
Danapur-Bhagalpur Intercity Express catches fire: दानापुर-भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में अचानक आग लग गई। ट्रेन दानापुर से चलकर भागलपुर जा रही थी तभी मुंगेर में ट्रेन के इंजन के ब्रेक शू में आग की लपटे दिखाई दी।

ड्यूटी पर मौजूद लोको पायलट और ट्रेन की सुरक्षा में तैनात आरपीएफ जवानों को इसकी भनक लगी। जिसके बाद दोनों ने अपनी सूझबूझ से इंजन में लगे अग्नि रोधक से आग पर काबू पाया।

अचानक आग लगने के कारण ट्रेन को जमालपुर-क्यूल रेल खंड के धरहरा स्टेशन पर लगभग एक घंटा तक रोककर रखा गया।उसके बाद किसी तरह इंजन को सही कर उसे अपने गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों ने बताया कि सोमवार की रात करीब साढ़े आठ बजे ट्रेन जब धरहरा स्टेशन से खुलने वाली थी तो उसके ब्रेक शू के पास से आग की चिंगारी निकलने लगी। उधर आग लगने की बात ट्रेन के अन्य बोगियों में फैल गई थी, जिससे यात्रियों में थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इधर, आग की जानकारी मिलते ही लोको पायलट और ट्रेन की सुरक्षा में तैनात आरपीएफ जवानों ने उस पर काबू पा लिया। इंजन में मौजूद आग रोधी यंत्र से आग पर काबू पाया गया और एक बड़ी घटना घटित होने से टल गई।
वहीं इंजन को ठीक करने के एक घंटा के बाद ट्रेन को अगले स्टेशन जमालपुर के लिए रवाना किया गया।
स्टेशन प्रबंधक ललित कुमार ने बताया कि 13402 भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस 20:38 मिनट पर धरहरा पहुंची थी। ट्रेन को धरहरा रेलवे स्टेशन से 21:45 मिनट पर जमालपुर रवाना किया गया।


