
Barhat: जमुई जिले के बरहट थाना की पुलिस ने शनिवार को एक नक्सली को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त किया है। गिरफ्तार नक्सली की पहचान पंपल राय उर्फ परवल राय पिता गिरधारी राय साकिन- गुरमाहा, थाना- बरहट के रूप में की गई है।

गिरफ्तार नक्सली पर वर्ष 2017 में सर्च आपरेशन के दौरान पुलिस को क्षति पहुंचाने के लिए कुमरतारी जंगल में आईईडी बम लगाने तथा विस्फोट करने का आरोप है। हालांकि पुलिस की सक्रियता से आई डी को नष्ट कर दिया गया था। इस आशय को लेकर नक्सली के विरुद्ध बरहट थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी पुलिस को लगातार चकमा देकर फरार चल रहा था। गिरफ्तार नक्सली हार्डकोर परवेज दा, अर्जुन कोड़ा, बालेश्वर कोड़ा का नजदीकी बताया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बरहट थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि कुकुरझप डैम के पास नक्सली को देखा गया है। जानकारी मिलते ही बरहट थानाध्यक्ष दल बल के साथ कुकुरझप डैम के पास धावा बोल नक्सली को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली के विरुद्ध बरहट थाना में एक नामजद केस दर्ज है। पुलिस अन्य थाना से भी उसकी अपराधिक रिकार्ड को खंगाल रही है। गिरफ्तार नक्सली को न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है।


