Bhagalpur: भागलपुर जिले के इशाकचक थाना क्षेत्र के मध्य विद्यालय भीखनपुर में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया गया। हुआ यूं कि विद्यालय परिसर में शौचालय के समीप नवनिर्मित ढलाई खोलने के दौरान छत का अगला हिस्सा भर-भरा कर गिर गया। गनीमत यह रही कि उस समय बच्चे अपने कक्षा में थे और एक भी बच्चा शौचालय के ईर्द-गिर्द नहीं था। नहीं तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि छत के निर्माण में गुणवत्ता का घोर अभाव देखा गया। छत में छड़ 10 एम एम की जगह 08 एम एम का लगाया गया था। साथ ही छड़ के बीच की दूरी भी अधिक देखी गई।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका निभा डे आज अवकाश पर थीं। जब उनसे मोबाइल पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि बच्चे की परेशानी को देखते हुए यह निर्माण उन्होंने अपने निजी कोष से कराया है। सेंटरिंग मिस्त्री ने ढलाई को 12 दिन में ही खोल दिया। जबकि 18 दिन बाद इसे खोलना था। समय से पूर्व ढलाई खोलने के कारण यह घटना हुई है। उन्होंने बताया कि ढलाई खोलने की सूचना भी उन्हें नहीं थी। वहीं मौके पर मौजूद सेंटरिंग मिस्त्री ने बताया कि ढलाई के 18 दिन पूरा होने के बाद ही सेंटरिंग खोला जा रहा था। अब ऐसी घटना क्यों हुई। इसके बारे में मैं नहीं बता सकता।
जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने निजी कोष से यह निर्माण कराया है। समय से पूर्व सेंटरिंग खोलने से यह घटना हुई है। कुल मिलाकर जिला शिक्षा पदाधिकारी और विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सेंटरिंग मिस्त्री को झूठा ओर इस घटना का जिम्मेवार ठहरा रहे हैं। लेकिन छत की ढलाई में प्रयुक्त सामग्री को देखकर यह प्रतीत होता है कि यहां गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। सच्चाई जांच के बाद ही सामने आ सकती है।
(HS)