
Araria: फारबिसगंज थाना क्षेत्र के भागकोहलिया पंचायत के चौरा परवाहा वार्ड संख्या 14 में सड़क से तेज अनियंत्रित ई-रिक्शा के पलटने से उसमे दबने से चार साल के बालक की मौत हो गई।बालक भागकोहलिया के चौरा परवाहा के वार्ड संख्या 14 के रहने वाले मनोहर कुमार रजक का चार साल का बालक गोलू कुमार है।

दादी के साथ पापा का टिफिन लेकर जा रहा था गोलू

गोलू अपने पिता के लिए खाने का टिफिन लेकर अपनी दादी के साथ सड़क से जा रहा था कि इसी क्रम में तेज अनियंत्रित ई-रिक्शा अचानक सामने में पलट गई और चार साल के बालक को अपने आगोश में ले लिया।जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घायलावस्था में स्थानीय लोग और परिजन घायल बालक को लेके फारबिसगंज अनुमंडल अस्पताल पहुंचे।जहां चिकित्सीय परीक्षण के उपरांत चिकित्सकों ने बालक के मृत हो जाने की जानकारी दी।जिसके बाद अस्पताल में कोहराम मच गया और बच्चे को लेकर परिजनों के रुदन और क्रंदन से भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रियाज आलम समेत फारबिसगंज थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से घटना को लेकर जानकारी लेते हुए ढांढस बंधाया। मौके पर पहुंची फारबिसगंज थाना पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की तैयारी में जुट गई है।


