
Patna: इंडिगो की फ्लाइट में एयर होस्टेस से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने शनिवार को पटना एयरपोर्ट एक यात्री को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शख्स पर गुजरात के अहमदाबाद से पटना आ रही इंडिगो की फ्लाइट में क्रू मेंबर के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप है।

बताया जा रहा है कि अहमदाबाद से पटना आ रही इंडिगो की फ्लाइट में शख्स ने क्रू मेंबर के साथ पहले तो बदतमीजी की और बाद में उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। इस घटना के बाद विमान में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। किसी तरह से आरोपित को फ्लाइट में रोका गया और जैसे ही फ्लाइट पटना एयरपोर्ट पर लैंड की वैसे ही पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया।

आरोपित युवक कमर रियाज पश्चिम चंपारण के बेतिया का रहने वाला है। वह अहमदाबाद से पटना आ रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई126 में यात्रा कर रहा था। इंडिगो ने इस यात्री के बारे में शिकायत की थी कि उसने फ्लाइट में गलत व्यवहार किया और फ्लाइट में खुद को टॉयलेट में भी बंद कर लिया।
एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के एसएचओ विनोद पीटर ने बताया कि यात्री कमर रियाज मानसिक रूप से बीमार है और उसका इलाज चल रहा है। उसके इलाज की मेडिकल रिपोर्ट है। हैदराबाद से पटना की यात्रा में उसका चचेरे भाई भी उसके साथ था। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और पूछताछ की जा रही है।



