
Begusarai: बेगूसराय पुलिस ने बुधवार को एक अज्ञात महिला का अधजला शव बरामद किया है। घटना नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के अझौर कारू बाबा स्थान के समीप की है। खेत में शव मिलने की सूचना पाते ही पहुंची नीमा चांदपुरा थाना की पुलिस स्थानीय लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया। लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद शव सदर अस्पताल लाया गया।

लेकिन, शव की स्थिति विभत्स रहने के कारण पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच दरभंगा भेजा गया है। शव की देखकर आशंका जताई जा रही है कि करीब 30 वर्षीय महिला की कहीं अन्यत्र हत्या कर यहां फेंका गया।

पहचान मिटाने के लिए चेहरे पर तेजाब डालकर जलाया गया है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बुधवार को जब गांव के लोग बहियार की ओर जा रहे थे तो कारू बाबा स्थान के समीप एक खेत में महिला का शव देखकर हड़कंप मच गया।
मौके पर गांव के लोग जुटे, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद नीमा चांदपुरा थाना पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल पुलिस मृतका की पहचान की कोशिश में जुटी हुई है। पहचान के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।
(Input: HS)



