नई दिल्ली।

कोरोना वायरस पर लगाम कसने में कई देशों ने अच्छी सफलता पाई है। जिसकी तारीफ विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रमुख डॉ. अधमॉन टेडरॉस ने की है। इन देशों में इटली, स्पेन और दक्षिण कोरिया के नाम हैं। इसके अलावा एक नाम मुंबई स्थित दुनिया के सबसे बड़े स्लम धारावी का भी है जिसका जिक्र WHO प्रमुख डॉ. अधमॉन टेडरॉस ने अपने संबोधन में किया और कोरोना वायरस के खिलाफ यहां चल रही कार्रवाई की तारीफ की।

WHO प्रमुख डॉ. अधमॉन टेडरॉस ने कहा, कुछ देशों के उदाहरण दिए जा सकते हैं. इनमें इटली, स्पेन और दक्षिण कोरिया हैं। इनमें मेगासिटी मुंबई का खचाखच भरा इलाका धारावी भी है। इन जगहों पर बड़े स्तर पर लोगों में जागरूकता अभियान चलाया गया। कोरोना वायरस की जो मूलभूत बात टेस्टिंग, ट्रेसिंग और आइसोलेशन से जुड़ी है, उसका पूरा ख्याल रखा गया। कोरोना के संक्रमण को रोकने और उसे खत्म करने के लिए हर बीमार आदमी का इलाज किया गया।

WHO प्रमुख ने इस बात पर जोर दिया कि लोगों को एकजुट होकर ही इसके खिलाफ लड़ना होगा। इसमें देशों का सक्षम नेतृत्व भी बड़ा रोल अदा करेगा।
उन्होंने कहा, दुनिया में आज कई उदाहरण हैं जिससे पता चलता है कि संक्रमण की दर भले ही तेज क्यों न हो, उसे काबू में लिया जा सकता है।
डॉ. टेडरॉस ने कहा, कई देश जिन्होंने इस संक्रमण को हल्के में लिया और लोगों को बाहर आने-जाने की ढील दी, वहां अब मामले फिर बढ़ने लगे हैं।
WHO प्रमुख ने कहा कि ऐसी महामारी की कमर तोड़ने के लिए पूरी दुनिया को मिलकर आक्रामक रवैया अपनाना होगा।


