Patna: माँ और बेटे का रिश्ता ऐसा भी होता है ये शायद ही जाना जा सकता है। बिहार के कटिहार जिले में बुधवार की सुबह हुई एक हृदयविदारक घटना ने मां और बेटे के बीच के रिश्ते को लेकर सभी को झकझोर कर रख दिया। कटिहार में मां की सांसें छूटी और बेटे को यह सहन न हो पाया। उसने भी मां के पीछे जाने का रास्ता अख्तियार कर लिया।
दरअसल, बिहार के पूर्व मंत्री रहे दिवंगत विनोद कुमार सिंह के घर कटिहार जिले के बड़ी बथना गांव में मंगलवार को उनकी मां का निधन हो गया। निधन के बाद बुधवार सुबह मां बुधिया देवी की अर्थी निकाली गई लेकिन अर्थी निकलते ही विनोद कुमार के भाई रामानंद सिंह ने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद मां की अर्थी को बीच रास्ते में ही रोका गया। अब आज बुधवार को दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ ही किया गया।
गौरतलब है कि बुधिया देवी प्राणपुर से भाजपा विधायक निशा सिंह की सास भी थी। बुधिया देवी 85 साल की थी। बुधिया देवी के बेटे रामानंद पेशे से वकील थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद से पूर्व मंत्री रहे दिवंगत विनोद कुमार सिंह के घर राजनीतिक दल के नेताओं और स्थानीय ग्रामीणों के आने का सिलसिला लगातार जारी है। घटना को लेकर क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं और पूरे जिले में शोक है।