
Kishanganj: जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत पौआखाली थाना क्षेत्र के बांसबाड़ी वार्ड नंबर 11 में तीन लोग तकरीबन दस फीट लंबा और तीन फीट से अधिक मोटाई की मिट्टी खिसकने से दब गए। जानकारी के अनुसार रविवार को घरेलू कार्य के लिए तीन लोग जिसमें से एक महिला जोहरा, दूसरी बच्ची मोरमी और तीसरा एक बच्चा मिट्टी खोदकर लाने गया कि इसी दौरान अचानक से मिट्टी खिसकने से तीनों के ऊपर मिट्टी की मोटी परत गिर गयी। जिससे मौके पर चीख – पुकार मच गई।

स्थानीय ग्रामीण आनन-फानन में कुदाल लेकर मौके पर दौड़े और खोदकर तीनों को निकाला और इलाज हेतु अस्पताल भेजा। जिसमें से एक महिला की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है और दो लोग चल नहीं पा रहे हैं। जिसके कारण उन्हें गोद में उठाकर ग्रामीण ले जाते हुए नजर आए।

उल्लेखनीय है कि उक्त स्थल पर अवैध खनन लगातार हो रहा है। ठीक उसी जगह पर रविवार को घरेलू कार्य हेतु मिट्टी खोदने गए जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ। अवैध खनन के कारण क्षेत्र धीरे-धीरे खंडहर में तब्दील होता जा रहा है लेकिन इस पर कोई कुछ बोलना नहीं चाह रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ स्थानीय प्रशासन भी मौन धारण किए हुए हैं।



