
Jamui: जमुई जिले के सोनो — चकाई मुख्य मार्ग पर सोमवार की रात करीब 9 बजे सीआरपीएफ 215 बटालियन का वाहन अनियंत्रित होकर खपरिया पुल से नीचे नदी में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में वाहन पर सवार 4 जवान घायल हो गए। जिसे सहयोगी जवानों ने घायलावस्था मे चारों जवानों को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया।

जहां 2 जवान की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया। सभी घायल जवान जमुई पुलिस लाइन मलयपुर के हैं। घायल जवानों में सिटी यलमो, अनिश सिंह, संतोष यादव और सुबू राज के नाम शामिल हैं।

बताया जाता है कि जवान को छोड़ने के लिए जमुई के मलयपुर पुलिस लाइन से सभी लोग चकाई जा रहे थे। उसी दौरान खपरिया पुल के पास सामने से आ रही एक अज्ञात वाहन के द्वारा चकमा देने पर सीआरपीएफ जवानों से भरा वाहन अनियंत्रित होकर पुल के नीचे गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
इस घटना मे वाहन पर सवार 4 जवान घायल हो गए घायल जवानों में 2 जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ डॉ राकेश कुमार टाउन थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घायल जवानों का हालचाल लिया और गंभीर रूप से घायल जवानों को पटना पीएमसीएच ले जाने की व्यवस्था की।


