
Bhagalpur: भागलपुर नगर निगम में मेयर, उप मेयर और पार्षद पद के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार सुबह 7 बजे से मतदान प्रारंभ हो गया। गोड्डा के भाजपा सांसद निशिकांत दुबे दिल्ली से चलकर झारखंड होते हुए भागलपुर पहुंचे और उन्होंने वार्ड संख्या 20 के अंतर्गत बने राजकीय सारो साहुल मध्य विद्यालय में बूथ संख्या 20/6 पर मतदान किया। उन्होंने अपने बूथ पर पहला मतदान किया।

मतदान के बाद उन्होंने कहा मैं भागलपुर में परिवर्तन चाहता हूं। इसलिए अपना मतदान करने के लिए मैं दिल्ली से चलकर झारखंड के रास्ते भागलपुर पहुंचा हूं और अपने बूथ पर पहला मतदान किया हूं। मुझे भागलपुर में परिवर्तन चाहिए और भागलपुर का विकास चाहिए। उन्होंने लोगों से मतदान करने की भी अपील की।

भागलपुर नगर निगम, सबौर नगर पंचायत और हबीबपुर नगर पंचायत में मतदान प्रारंभ हो गया है। सुबह से ही वोटरों ने अपना वोट डालना प्रारंभ कर दिया। वोटरों में काफी उत्साह और खुशी देखी जा रही है। महिला वोटरों के साथ-साथ इस वर्ष पहली बार वोट देने वाले युवा एवं युवतियों में भी खासा खुशी देखने को मिला।
उल्लेखनीय हो कि नगर निगम भागलपुर में कुल वोटर 3,37321 हैं। जबकि मेयर पद के लिए 9 उम्मीदवार, डिप्टी मेयर के लिए 10 और पार्षद के लिए कुल 212 उम्मीदवार मैदान में हैं। उधर सभी बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी थानों के महिला, पुरुष पुलिस, दंगा नियंत्रण बल, एसआईटी की टीम सभी मतदान केंद्रों पर तैनात है। वरीय पुलिस अधीक्षक बाबूराम ने खास रणनीति बनाई है। जिससे लोगों को कोई परेशानी ना हो और ना ही कहीं मतदान में कोई गड़बड़ी हो सके।


