Patna: बिहार के कई जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो रही है। हालांकि, दो दिनों से बारिश में कमी आयी है लेकिन मानसून सक्रिय है। मौसम विभाग ने आज बिहार के 11 जिलों में अच्छी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने और बादल गरजने की भी संभावना जताई है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार के 11 जिलों में अच्छी बारिश होगी। इन जिलों में बादल गरजने के साथ बिजली गिरने की प्रबल संभावना है। इसमें पटना, कैमूर, रोहतास, बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद, गया, नालंदा, शेखपुरा, जमुई और बांका शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार हल्की बारिश होने की वजह से तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस दौरान पटना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दोपहर में धूप खिली रहेगी और आसमान में छिटपुट बादल दिखाई देंगे।