
Samastipur: समस्तीपुर अंगारघाट थाना क्षेत्र के चैता गांव स्थित हाई स्कूल के 9वीं क्लास में सीट को लेकर हुए झगड़े के बाद 3 छात्रों ने एक स्टूडेंट का गला काट दिया। चैता गांव के ही विश्वजीत कुमार(14) को उसी के क्लास के 3 लड़के पहले स्कूल के पीछे मकई के खेत में ले गए। इसके बाद मारपीट की। बाद में पटक कर चाकू से उसका गला रेत डाला। जिसके बाद विश्वजीत गले पर हाथ रखकर किसी तरह भागता हुआ प्रिंसिपल के चैम्बर पहुंचा।

खून से लथपथ विश्वजीत को देख हेड मास्टर ने तत्काल उसके परिवार के लोगों को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर उसकी मां रिंकू देवी पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से उसे सदर अस्पताल लाया गया जहां उसे 16 टांके लगे हैं। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

विश्वजीत की मां रिंकू देवी ने बताया कि 15 दिन पहले भी उसके बेटे के साथ मारपीट की गई थी। गांव के ही छात्रों ने उसका बैग और किताबों को फाड़ दिया था। इसे बच्चों का सामान्य झगड़ा समझ कर उन्होंने इसकी कोई शिकायत नहीं की। उधर जख्मी छात्र ने स्कूल के ही 3 छात्र का नाम लिया है। घटना का कारण क्लास रूम में सीट पर बैठने को लेकर विवाद बताया जा रहा है।
घटना की सूचना पर नगर पुलिस मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।



