
Barhiya Station: बड़हिया रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर हुए रेल आंदोलन का असर अब दिखाई दे रहा है। यहां ट्रेनों का स्टॉपेज बढ़ाया जा रहा है। हाल ही में कई ट्रेनों के ठहराव की घोषणा के बाद अब रेल प्रशासन ने पटना हटिया पाटलिपुत्रा एक्सप्रेस (Patna Hatia Patliputra Express) के ठहराव को भी हरी झंडी दे दी है।

पटना हटिया पाटलिपुत्रा एक्सप्रेस बड़हिया रेलवे स्टेशन पर अब दो मिनट के लिए खड़ी होगी। रेल प्रशासन ने इसकी जानकारी देते हुए कहा है कि पटना और हटिया के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 18621 अप 18622 डाउन पाटलिपुत्र एक्सप्रेस का बड़हिया स्टेशन पर अगले 6 माह के लिए प्रायोगिक तौर पर ठहराव प्रदान किया जा रहा है।

रेल प्रशासन के मुताबिक 4 जून से गाड़ी सख्या 18621 पटना-हटिया-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस 17.24 बजे बड़हिया पहुंचेगी और 17.26 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 18622 हटिया-पटना पाटलिपुत्र एक्सप्रेस 9.51 बजे बड़हिया पहुंचेगी और 09.53 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी ।
CPRO वीरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रायोगिक तौर पर इस ट्रेन का ठहराव किया जा रहा है। रेल संघर्ष समिति से पहले भी वार्ता में आश्वासन दिया गया था कि ट्रेनों के ठहराव को लेकर मंथन किया जा रहा है।
जानकरी हो कि बीते दिनों बड़हिया स्टेशन पर कोविड पूर्व की स्थिति के अनुरूप ट्रेनों के ठहराव को लेकर बड़ा आंदोलन किया गया। इसके लिए रेल संघर्ष समिति बनाई गई जिसके तहत लोग आंदोलन किए। आंदोलन के बाद रेल प्रशासन को ट्रेनों के ठहराव को लेकर विचार करना पड़ा और पाटलिपुत्रा एक्सप्रेस के साथ कई ट्रेनों का स्टापेज शुरू करना पड़ा।



