Aurangabad: सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने मंगलवार को औरंगाबाद में समाज सुधार अभियान के तहत जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि विकास का भरपूर आनंद हम तभी उठा पाएंगे जब सामाजिक कुरीतियां दूर होंगी और हम सब मिलजुल कर अमन भाईचारे के साथ रहेंगे।
औरंगाबाद के पुलिस लाइन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें शराब सेवन, दहेज, बाल विवाह जैसी कुरीतियों से समाज को मुक्त करना है।
तभी लोग विकास का मजा ले पाएंगे। उन्होंने कहा न्याय के साथ विकास के साथ-साथ समाज सुधार अभियान हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है। विकास की जारी सतत प्रयासों के साथ समाज सुधार अभियान भी लगातार चलता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों से शराब, दहेज एवं बाल विवाह के विरोध में लोगों को जागरूक करने के प्रयासों को तेज करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस कानून का उल्लंघन करने वालों का समूह बनाकर हर स्तर पर विरोध करें।
दहेज प्रथा एवं बाल विवाह प्रथा के विरोध में भी समाज में जागृति लाने का भी प्रयास करें। उन्होंने कहा मगध प्रमंडल के जिले झारखंड की सीमा पर अवस्थित हैं। लिहाजा पुलिस एवं उत्पाद विभाग की सतत निगरा नी भी जरूरी है।
सीएम ने कहा शराब, दहेज एवं बाल विवाह सामाजिक अभिशाप है। इससे समाज को मुक्त कराने में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका है।सीएम ने राज्य के विकास के लिए सभी क्षेत्रों में एवं महिला सशक्तीकरण की दिशा में किए गए कार्यों की विस्तार से चर्चा की।
इस कार्यक्रम को मुख्यमंत्री के अलावा मध निषेध व उत्पाद विभाग के मंत्री सुनील कुमार, जमा खान एवं भूतत्व विभाग के मंत्री जनक राम, उधोग विभाग के मंत्री सैय्यद शाहनवाज हुसैन, कृषि विभाग के मंत्री अमरेन्द्र प्रताप सिंह,अ जा एवं ज जा कल्याण तथा लघु सिंचाई विभाग के मंत्री संतोष कुमार सुमन, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी , पुलिस महानिदेशक एस के सिंघल व अन्य ने भी संबोधित किया।
अपने संबोधन के पूर्व मुख्यमंत्री ने गया जिले की जल जीवन हरियाली त्रैमासिक बुलेटिन के तृतीय संस्करण तथा लोक शिकायत से संबंधित संकलन,समाधान की कहानी परिवादी की जुबानी का लोकार्पण किया। पुलिस लाइन मैदान में कार्यक्रम समापन के पश्चात मुख्यमंत्री ने जिला योजना कार्यालय सभागार में गया, नवादा, जहानाबाद,अरवल एवं औरंगाबाद जिलों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की व उन्हें आवश्यक निर्देश दिए।
सीएम ने कोविड के तेजी से बढ़ रहे मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए लोगों को सचेत रहने की आग्रह की। उन्होंने कहा आज मंगलवार की शाम पटना में बैठक कर राज्य भर की स्थितियों की समीक्षा कर आवश्यक पाबंदियां लगाई जायेंगी। आज सुबह औरंगाबाद पहुंच कर कुमार ने सत्येन्द्र नारायण सिन्हा स्मृति भवन का उद्घाटन किया।परिसर में लगाई गई पूर्व मुख्यमंत्री सत्येन्द्र नारायण सिन्हा के प्रतिमा का अनावरण किया। बिहार विभूति अनुग्रह नारायण सिंह की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर कार्यक्रम स्थल पुलिस लाइन मैदान पहुंचे।