
जमुई: बिहार पंचायत चुनाव के चौथे चरण में जमुई जिले के सोनो प्रखंड में 20 अक्टूबर को मतदान होना है। वहीं इससे पहले जमुई के सोनो प्रखंड के बीडीओ (BDO) के खिलाफ में लापरवाही बरतने के आरोप में उन्हें अब निर्वाचन प्रक्रिया (Election Process) से अलग कर दिया गया है।

जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने सोनो बीडीओ ममता प्रिया को निर्वाचित पदाधिकारी की जिम्मेदारी से हटा दिया है और अब अंचलाधिकारी को निर्वाचित पदाधिकारी की जिम्मेदारी दे दी है।

जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी ने यह कार्रवाई चुनाव कार्य में प्रबंधन की कमी और लापरवाही के आरोप में की है। सोनो प्रखंड के बीडीओ ममता प्रिया की जगह पर अंचलाधिकारी को प्रखंड निर्वाचित पदाधिकारी बनाया गया है।
जमुई डीएम अवनीश कुमार सिंह के द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रखंड विकास पदाधिकारी ममता प्रिया निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में बेहतर प्रबंधन नहीं कर पा रही थीं। साथ ही उनके द्वारा लापरवाही भी बढ़ती जा रही थी, जिसका प्रभाव निर्वाचन कार्य पर पड़ रहा था। इस कारण उन्हें निर्वाचन कार्य से मुक्त करते हुए अंचलाधिकारी को निर्वाचित पदाधिकारी की जिम्मेदारी दे दी गयी है।
डीएम ने निर्वाचन संबंधी सभी प्रभाव अंचलाधिकारी को सौंपने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश के अनुसार पंचायत चुनाव को लेकर तैनात किए गए सभी पदस्थापित और प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षक और कर्मी अंचलाधिकारी को रिपोर्ट करेंगे।


