
बेतिया (बगहा) : जिले में प्रखंड बगहा-02 के भड़छी पंचायत के महिलाओं से लगभग 10 से 15 लाख की ठगी तीन अज्ञात रहस्मयी महिला ने कर लिया है।

शातिर महिलाओं ने देहाती क्षेत्र की महिलाओं को ब्रांडेड फ्रिज का लालच देकर अपनी ठगी का शिकार बनाया है। भरछी पंचायत के जरार की रहने वाली रामपति देवी ने बताया कि पिछले एक सप्ताह के भीतर उन रहस्यमयी महिलाओं ने सबसे पहले पुराना बर्तन लेकर नया बर्तन दिया, उसके बाद पुराने टूटे-फूटे आभूषण लेकर नया आभूषण दिया ।

आभूषण देने से स्थानीय महिलाओं का विश्वास उन पर बढ़ गया। तीन दिन पहले उन महिलाओं ने कहा कि आप लोग अपने अपने आभूषण दे दें और बदले में आप सभी को ब्रांडेड कंपनी का नया फ्रिज दिया जायेगा, जिस पर स्थानीय महिलाओं ने अपना- अपना नया- पुराना और मँहगा से मँहगा आभूषण उन शातिर महिलाओं को दे दिया, उसके बाद से वह महिलाएं फरार हो चुकी है।
वहीं एक दूसरी महिला मंजू देवी का कहना था कि वे ठग महिलाएं भड़छी तथा जरार गांव से लगभग 10 से 15 लाख का आभूषण लेकर फरार हो गयी हैं।हालांकि इस संबंध में अभी तक किसी प्रकार की कोई शिकायत स्थानिय थाना में दर्ज नहीं कराई गई है। इस ठगी की शिकार मंजू देवी, प्रेम शिला देवी, कुमारी देवी, प्रतिमा देवी, सोमारी देवी के अलावे और दर्जनों महिलाएं हुई हैं।


