
Bhagalpur: न्याय के मंदिर न्यायालय परिसर में जब कानून का पाठ पढ़ाने वाले अधिवक्ता ही एक दूसरे के खून के प्यासे हो जाएं, तो फिर लोग न्याय के लिए किसका दरवाजा खटखटायेंगे। कुछ ऐसा ही वाकया गुरुवार को भागलपुर व्यवहार न्यायालय परिसर में देखने को मिला।

पंखे के मामूली विवाद में दो अधिवक्ता अपने समर्थकों के साथ एक दूसरे से भिड़ गए। देखते ही देखते पूरा परिसर अखाड़े में तब्दील हो गया। दोनों ही पक्ष के लोग एक दूसरे पर लाठी डंडे बरसाने लगे।

इस घटना में घायल हुए एक पक्ष के अधिवक्ता अरुण कुमार ने बताया कि मैं विधिक संघ में अपनी कुर्सी पर बैठा था, तभी अचानक पंखे को लेकर विवाद हो गया और अधिवक्ता महेश यादव से लड़ाई हुई।
लड़ाई के बाद महेश यादव वहां से चले गए। कुछ देर बाद वह अपने सहयोगी अधिवक्ता राजीव झा, कपिल यादव, अजीत सोनू के साथ आया और मेरे उपर हमला कर दिया। जिससे मेरा सर फट गया और मैं बुरी तरह घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जोगसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अरुण कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गई। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था।


