
पटना: बीजेपी ने सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ बयान देने के कारण अपने एमएलसी टुन्ना पांडेय को सस्पेंड कर दिया है. टुन्ना पांडेय पर पार्टी लाइन से बाहर जाकर बयान देने की वजह से कार्रवाई की है. यह कार्रवाई बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने की है. इस संबंध में एक पत्र भी जारी किया गया है.

बता दें कि नीतीश कुमार पर टिप्पणी करने के बाद टुन्ना पांडे ने शहाबुद्दीन के परिवार वालों से मुलाकात की थी। उसके बाद बीजेपी की अनुशासन समिति की तरफ से उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। फिर गुरुवार को बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और बेतिया सांसद डॉक्टर संजय जायसवाल ने उन्हें निलंबित कर दिया।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल की ओर से टुन्ना पांडेय (Tunna Pandey) को संबोधित करते हुए एक पत्र जारी किया गया है. पत्र में लिखा गया है कि आपके एक बयान की वजह से बीजेपी अनुशासन समिति ने आपको नोटिस दिया, लेकिन इसके बावजूद आप लगातार बयानबाजी करते रहे, जो यह दर्शाता है कि आप पार्टी लाइन से ऊपर चले गए हैं. अतः पार्टी आपको (टुन्ना पांडेय को) निलंबित करती है.

जेडीयू ने की थी मांग
बता दें कि टुन्ना पांडेय के बयान के बाद जेडीयू (JDU) ने कार्रवाई की मांग की थी. खुद जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने ट्वीट कर कहा, ‘आप जंगलराज, भ्रष्टाचार और परिवारवाद के युवराज का नमक खाकर बीजेपी नेतृत्व और जनप्रिय नीतीश सरकार के विरुद्ध तो नही हो गए हैं? आपको अपने पद से अविलंब इस्तीफा देना चाहिए अन्यथा संजय जायसवाल जी को आपके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए.’
टुन्ना पांडेय के बयान से हलचल बता दें कि विधानपरिषद सदस्य टुन्ना पांडेय ने नीतीश कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया था. टुन्ना पांडेय ने कहा कि नीतीश कुमार परिस्थिति के सीएम हैं. उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार भी लालू यादव के तरह जेल जाएंगे. टुन्ना पांडेय यहीं नहीं रुके, उन्होंने जेडीयू की जीत को धांधली की जीत बताया.
बीजेपी एमएलसी ने कहा कि ‘नीतीश कुमार वाकई में परिस्थितियों के मुख्यमंत्री हैं। अपनी बात को साबित करने के लिए उन्होंने तर्क भी पेश किया। बीजेपी विधान पार्षद ने कहा कि शहाबुद्दीन ने गलत थोड़े कहा था कि नीतीश कुमार परिस्थितियों के सीएम हैं। पिछली दफा दूसरे नंबर की पार्टी के नेता थे फिर भी मुख्यमंत्री बने। इस बार तीसरे नंबर पर ठेला गये फिर भी मुख्यमंत्री बने।’ पांडेय के इस बयान पर बीजेपी ने नोटिस जारी किया था, जिसके बाद उन्होंने एक और बयान दे दिया.
टुन्ना पांडेय ने ट्वीट कर लिखा, ‘मैंने जो कहा सच ही कहा, इस बार के हुए विधानसभा चुनाव में भी जनता ने तेजस्वी को अपना मत देकर चुना था लेकिन सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करके नीतीश जी आज सत्ता में राज कर रहे हैं.’
इसे भी पढ़ें: वैशाली सदर अस्पताल पहुंचे तेजप्रताप, गंदगी देखकर बिफरे



