
दरभंगा: दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में गंभीर मरीजों के परिजनों से उगाही-वसूली का अवैध कारोबार अनवरत जारी है। दरअसल, डीएमसीएच के ब्लड बैंक में अवैध ढंग से खून बेचते एक दलाल को पकड़ा गया है। जिसकी मौके पर मौजूद लोगों द्वारा जमकर धुनाई करते हुए एक वीडियो भी वायरल हुआ है।

मधुबनी के फुलपरास का रहने वाला यह दलाल शिव कुमार कामत बी नेगेटिव ग्रुप का ब्लड उपलब्ध कराने के लिए मरीज के एक परिजन से 13 हजार रुपये ऐंठने की कोशिश कर रहा था। जबकि यह ब्लड यहां आसानी से उपलब्ध था। पिटाई के बाद लोगों ने इस दलाल को पुलिस के हवाले कर दिया।

पकड़े गए दलाल शिव कुमार ने स्वीकार किया कि वह डीएमसीएच के ब्लड बैंक में मरीजों के परिजनों को झांसा देकर ऊंची कीमत वसूल कर खून बेचने का अवैध धंधा करता था। उसने लोगों से माफी मांगी। इस संदर्भ में एक सामाजिक कार्यकर्ता अभिजीत कुमार ने बताया कि वे किसी जरूरतमंद को खून देने के लिए डीएमसीएच के ब्लड बैंक आए थे।
इसी दौरान यह माजरा सामने आया। उन्होंने जब युवक से सख्ती से पूछताछ की तो उसने सारा भेद खोल दिया। उसने बताया कि वह फुलपरास का रहने वाला है और झंझारपुर के एक अस्पताल में काम करता है। उन्होंने कहा कि डीएमसीएच के ब्लड बैंक के कर्मियों की मिलीभगत से ही यहां ऐसे दलाल सक्रिय हैं। जो सदैव गरीब मरीजों के परिजनों से अवैध वसूली की फिराक में रहते है।


