

पटना।

लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान (LJP President Chirag Paswan) ने एक बार फिर से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला है। रविवार को पार्टी नेताओं की एक बैठक के दौरान चिराग पासवान ने दावा करते हुए कहा कि सूबे में नीतीश कुमार की सरकार अधिक दिनों तक नहीं चल पाएगी। चिराग ने कार्यकर्ताओं और नेताओं से कहा कि आप सभी संगठन को मजबूत करने में जुट जाएं।

चिराग पासवान ने लंबी चुप्पी के बाद रविवार को फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने पार्टी नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए बड़े-बड़े दावे भी किए हैं।
चिराग पासवान ने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार जिस तरीके से चल रही है, वैसे ज्यादा दिन नहीं चलेगी। कुछ ही समय में नीतीश सरकार गिर जाएगी। लोजपा के कार्यकर्ता और नेता संगठन की मजबूती के लिए जुट जाएं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार केवल कुर्सी के लिए सरकार चला रहे हैं।

चिराग ने कहा कि हम संगठन को मजबूत बनने के लिए काम करेंगे। हमें अगले चुनाव के लिए गठबंधन (alliance) की चिंता नही है। इसकी चिंता उन्हें करने की आवश्यकता है जो हमारे कारण हारते हैं। चिराग ने दावा भी किया कि वे हमारे पास गठबंधन के लिए फिर आएंगे। वे से उनका संकेत जदयू (JDU) और नीतीश कुमार की ओर था।
चिराग पासवान ने बिहार में शराबबंदी पूरी तरह फेल बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शराबबंदी के नाम पर प्रदेश में शराब तस्कर पैदा कर रहे हैं। पुलिस-प्रशासन खुद शराब की तस्करी में शामिल होकर तस्करों की मदद कर रहे हैं।
चिराग ने राज्य में लॉ एंड ऑर्डर को लेकर भी सीएम नीतीश कुमार को आड़े हाथों लिया है। कहा कि सरकार कानून व्यवस्था के मोर्चे पर फेल हो चुकी है। बिहार में विधि व्यवस्था (law and order) ध्वस्त हो चुकी है। हर रोज हत्या और दुष्कर्म समेत अन्य अपराध बढ़ रहे हैं।
खास बात यह रही कि चिराग ने सिर्फ नीतीश कुमार को निशाने पर लिया है। उन्होंने बिहार सरकार को तीखे बोल नहीं सुनाए हैं। उन्होंने बिहार की एनडीए सरकार में शामिल भाजपा (BJP) व अन्य पार्टियों को कुछ नहीं कहा है।




