
कामरूप (ग्रामीण): कामरूप (ग्रामीण) जिला के रंगिया में सीबीआई की एक टीम ने सोमवार की दोपहर को छापा मारकर रेलवे विभाग के एक अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। रिश्वत लेने वाले अधिकारी की पहचान रंगिया रेलवे के श्रम कल्याण विभाग के इंस्पेक्टर रॉबिन दास के रूप में हुई है। सीबीआई की टीम इस अधिकारी के घर पर छापा मार कर तलाशी अभियान में लगी है।

जानकारी के अनुसार अनुकंपा के आधार पर नौकरी पाने वाले एक व्यक्ति से मेडिकल रिपोर्ट के नाम पर रॉबिन दास ने 20 हजार रुपये की मांग की थी। रिश्वत लेते समय सीबीआई की टीम ने रेल अधिकारी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई ने कामरूप (ग्रामीण) जिला के हाजो स्थित रॉबिन दास के घर पर छापा मारा है। खबर लिखे जाने तक सीबीआई की कार्रवाई जारी थी। इस संबंध में सीबीआई ने फिलहाल कोई जानकारी साझा

करने से इंकार कर दिया है।


