असम (Assam) जोरहाट में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हुआ है।जोरहाट जिले में नीमती घाट के पास यात्रियों से भरी दो नावों में टक्कर हो गई।
बुधवार की शाम ब्रह्मपुत्र नदी पर 120 यात्रियों को लेकर जा रहीं 2 नाव आपस में टकरा गईं। हादसे के बाद से करीब 65 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही हैं। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। दोनों नाव अलग-अलग दिशा से आ रही थीं।
बताया जा रहा कि एक नाव जोरहाट के निमतीघाट से माजुली जा रही थी, जबकि दूसरी माजुली से जोरहाट जा रही थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक नाव माजुली घाट से सिर्फ 100 मीटर दूर थी. नावों में करीब 25 से 30 बाइक भी रखी हुई थी।
नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर लोगों को बचा रही है। हादसे के बाद असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।उन्होंने राज्य के मंत्री बिमल बोहरा को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने हादसे पर दुख प्रकट करते हुए ट्वीट किया, “जोरहाट के निमती घाट के पास हुए दुखद नाव हादसे से मैं आहत हूं। माजुली और जोरहाट प्रशासन को NDRF और SDRF की मदद से बचाव अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया है। साथ ही राज्य मंत्री बिमल बोरा को तुरंत दुर्घटनास्थल पर जाने के लिए कहा है। मैं खुद भी कल निमती घाट जाऊंगा।”