
El Alto: शनिवार सुबह (भारतीय समयानुसार) बोलिविया (Bolivia) के एल आल्टो शहर में एक विमान क्रैश हो गया। यह बोलिविया की वायुसेना का हरक्यूलिस विमान था। विमान देश के सेंट्रल बैंक के नए नोट लेकर जा रहा था। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हैं।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, खराब मौसम के बीच विमान लैंडिंग के बाद रनवे से फिसलकर पास की व्यस्त सड़क पर जा गिरा। जिस सड़क पर यह गिरा, वहां खड़ी 10 से 15 गाड़ियां भी इसके चपेट में आ गई।

एयरक्राफ्ट का मलबा, टूटी हुई कारें और लाशें सड़क पर बिखरी नजर आई। सड़क पर बैंक के नोट भी बिखरे नजर आए, जिन्हें उठाने के लिए लोग मौके पर जुट गए। हादसे के बाद एयरपोर्ट अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
राष्ट्रीय एयरलाइन ने बयान जारी कर बताया कि “दुर्घटनाग्रस्त प्लेन उसके बेड़े का हिस्सा नहीं था, यह बोलिवियन एयर फोर्स का विमान था। स्थानीय मीडिया में प्रसारित फुटेज में विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखा। हादसे के बाद प्लेन दो टुकड़ों में बंट गया।”

सोशल मीडिया पर इस हादसे के वीडियो वायरल हैं, जिनमें बेहद हैरान करने वाला नजारा दिखा। विमान गिरते ही उसमें रखे नए नोट सड़क पर बिखर गए। मलबे के चारों ओर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और वो जमीन पर पड़े पैसे बटोरने लगे।
भीड़ को हटाने और स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस को पानी की बौछार और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।
हादसे के कारणों की आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में जारी है। प्रशासन ने मृतकों की पहचान और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।


