
Jakarta: दुनिया का सबसे बड़ा फूल रैफलेसिया इंडोनेशिया (world’s largest flower rafflesia indonesia) में फिर से खिला है। यह जानकारी जंगल में ट्रैकिंग करने गए एक आदमी ने दी।

जानकारी के मुताबिक इस फूल के पूरा खिलने पर इसका व्यास तीन फीट तक हो सकता है। बाकी फूलों की तरह इसमें से सुगंध की जगह बहुत दुर्गंध आती है। इस फूल को खोजने वाले व्यक्ति ने वीडियो बनाकर ऑनलाइन शेयर भी किया है। इतने बड़े आकार का फूल देखकर लोग तरह-तरह की चर्चा भी कर रहे हैं।

इंडोनेशिया के सुमात्रा में पाया जाने इस फूल को ‘मुर्दा पौधा’ कहा जाता है। पूर्ण रूप से खिलने के बाद इसका वजन 7 किलोग्राम तक हो सकता है। शेयर की गई क्लिप में विशाल फूल को जंगल में जमीन पर पड़ा हुआ दिखाया गया है। इस लाल फूल में पूर्ण रूप से खिलने के बाद सफेद धब्बों वाली पांच पंखुड़ियां होती हैं। वीडियो शूट करने वाले व्यक्ति ने जैसे ही कैमरा उस फूल के अंदर जूम इन किया, उसे बीच में मधुमक्खियों का विशाल झुंड नजर आया। रैफलेसिया की करीब 20 प्रजातियां पूरी दुनिया में मौजूद हैं, जिनमें से आठ इंडोनेशिया और मलेशिया में पाई जाती हैं।
वैज्ञानिकों ने बताया कि यह रहस्यमय परजीवी पौधा जमीन से जुड़ा होता है। पूरी तरह खिलने के बाद यह एक दिन तक ही अपने आकार में बना रहता है। अगले दिन यह फूल किसी सड़े हुए मशरूम की तरह अपने तने से अलग होकर गिर जाता है। इससे तेज गंध भी आती है, जिसे सहन करना काफी मुश्किल होता है।
यह फूल दुर्लभ प्रजाति का माना जाता है। पूर्ण रूप से खिलने के बाद यह चार फीट तक बड़ा हो सकता है। इन फूलों के पौधे केवल इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप पर पैदा होता है। सुमात्रा में लगातार जंगल खत्म हो रहे हैं जिससे यह पौधा अब विलुप्त होने की कगार पर पहुंच गया है।



