
सिंगापुर: सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग ने गुरुद्वारा के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सफेद पगड़ी पहनी और पंजाबी समुदाय के लोगों को ‘सत श्री अकाल’ कहकर बधाई दी। एक कार्यक्रम के दौरान महामारी की वजह से पैदा हुए हालात में उनके योगदान को लेकर सिख समुदाय की उन्होंने तारीफ भी की।

सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सिन लूंग का ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वे पगड़ी पहनकर ‘सत श्री अकाल’ कर रहे हैं। वीडियों में दिखाया गया है कि सिंगापुर के प्रधानमंत्री मंच के ऊपर खड़े होकर बोल रहे हैं। उन्होंने सफेद रंग की पगड़ी पहनी हुई है और काले रंग का मास्क भी लगाया हुआ है।

दरअसल, हाल ही में वे सिंगापुर में सिलाट रोड सिख मंदिर के उद्घाटन के दौरान सिख पोशाक पहने हुए नजर आए, उन्होंने सिर पर पगड़ी भी पहनी हुई है। परमिंदर सिंह ने ट्विटर पर इस वीडियो को साझा किया है। वीडियो में सिंगापुर के प्रधानमंत्री पगड़ी पहनकर मेहमानों का अभिवादन करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
सिंगापुर पीएम ने कहा कि सिंगापुर में गुरुद्वारों के सदस्यों ने इस कठिन समय पर जरूरतमंद लोगों की बिना उसका धर्म, जाति या पृष्ठभूमि देखे उनकी मदद की। प्रधानमंत्री ने कहा कि सिंगापुर के बहु-धार्मिक परिदृश्य में सिलाट रोड गुरुद्वारा एक चमकता हुआ प्रतीक है।
गुरुद्वारा ने भक्तों के लिए सभाओं की लाइव-स्ट्रीमिंग सेवाएं शुरू कीं और सिख संस्थानों की समन्वय परिषद ने सिख समुदाय के भीतर मानसिक स्वास्थ्य के लिए सहायता प्रदान करने के लिए ‘प्रोजेक्ट अकाल’ नामक एक टास्क फोर्स का गठन किया।
पीएम ली ने अपने भाषण के दौरान कहा- “ये पहल व्यापक समुदाय के लिए एक अच्छा उदाहरण स्थापित करती है, क्योंकि हम एक स्थानिक वायरस के साथ एक सामान्य दिशा की ओर आगे बढ़ रहे हैं।” उन्होंने अपने फेसबुक और ट्विटर पेज पर भी गुरुद्वारा दौरे की कुछ तस्वीरें और भाषण के कुछ हिस्सों को साझा किया है।
सिंगापुर में भारतीय दूतावास ने भी प्रधानमंत्री की तरफ से गुरुद्वार के उद्घाटन के मौके पर सिख समुदाय को बधाई देते हुए कुछ तस्वीरों को साझा किया है। सिंगापुर के पीएम की इन तस्वीरों ने दुनियाभर के सिख समुदाय का ध्यान खींचा है और वे तारीफ कर रहे हैं, इसके साथ ही वे इन तस्वीरों और स्पीच को सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं।



