
Deoghar : साइबर धोखाधड़ी और जबरन वसूली से जुड़े मामले में आरोपी की तलाश में पश्चिम बंगाल पुलिस देवघर पहुंची। कोलकाता के पार्क स्ट्रीट थाना की पुलिस आरोपी के सत्यापन के सिलसिले में कुंडा थाना पहुंची और स्थानीय पुलिस से सहयोग मांगा।

मामले को लेकर पार्क स्ट्रीट पुलिस स्टेशन, कोलकाता की ओर से 13 अगस्त 2026 को पुलिस उपायुक्त (दक्षिण प्रभाग) को संबोधित आधिकारिक पत्र जारी किया गया है। पत्र में पार्क स्ट्रीट थाना कांड संख्या 167, 13 अगस्त 2026 का उल्लेख है। मामला साइबर धोखाधड़ी और जबरन वसूली से संबंधित बताया गया है।
मैलिशियस टेलीग्राम लिंक भेजकर ठगी का आरोप

पुलिस के पत्र के अनुसार, साइबर अपराध गिरोह द्वारा कथित रूप से लोगों को दुर्भावनापूर्ण टेलीग्राम लिंक भेजकर धन की हेराफेरी की जा रही थी। मामले की जांच के दौरान पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी और गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई की अनुमति मांगी गई है।
जमुई, मधुपुर, जसीडीह व देवघर का भी उल्लेख
दस्तावेज में बिहार और झारखंड के कई अंतरराज्यीय स्थानों पर छापेमारी किए जाने का अनुरोध किया गया है। इसमें जमुई, माधोपुर, जसीडीह और देवघर सहित विभिन्न स्थानों का उल्लेख है। इसी क्रम में देवघर के कुंडा थाना क्षेत्र में भी पुलिस पहुंची और आरोपी के सत्यापन को लेकर स्थानीय पुलिस से सहयोग मांगा।
पत्र में अहमद खान नामक व्यक्ति को कथित साइबर अपराध गिरोह से जुड़ा बताया गया है। दस्तावेज के अनुसार, वह कथित तौर पर वित्तीय धोखाधड़ी के लिए दुर्भावनापूर्ण एपीके फाइलें तैयार कर रहा था। पत्र में जमुई/देवघर/जसीडीह क्षेत्र में उसके रहने का उल्लेख किया गया है।
पार्क स्ट्रीट पुलिस स्टेशन की ओर से मामले की जांच के लिए जांच दल गठित किए जाने की भी जानकारी पत्र में दी गई है। पुलिस द्वारा बिहार और झारखंड में विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई कर मामले से जुड़े संदिग्धों की पहचान एवं गिरफ्तारी की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का अनुरोध किया गया है।
फिलहाल बंगाल पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और कुंडा थाना पुलिस से आरोपी के सत्यापन एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई में सहयोग मांगा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।



