
Chakdah: तालाब में नहाने गए तीन किशोर-किशोरियों की डूबने से मौत हो गई। घटना मंगलवार को नदिया जिले के चाकदह थाना अंतर्गत रौतारी पंचायत के एकतारपुर इलाके की है। मृतकों के नाम निशि विश्वास (10), दृप्ता विश्वास (7) और रिक दास (7) हैं।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, निशि विश्वास और दृप्ता विश्वास पूजा की छुट्टियों में एकतारपुर स्थित अपने मामा से मिलने आए थे। वहां वह अपने मामा के बेटे रिक दास (7) के साथ मंगलवार सुबह घर के पास स्थित तालाब में नहाने गये थे।

काफी देर तक पानी से बाहर नहीं आने पर लोगों ने तलाशी शुरू की। उनकी तलाश के लिए जाल डाला गया तब एक-एक करके तीन शव बरामद हुए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना पाकर चकदह थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
(HS)



