
Birbhum (West Bengal): बीरभूम जिले के दुबराजपुर में एक नव दंपत्ति के परिवार के लोग आपस में सिर्फ इसलिए भिड़ गए क्योंकि वधू पक्ष की ओर से बहुभोज के दिन पांच अतिरिक्त लोग आ गए थे। दोनों पक्षों में हुई मारपीट में तकरीबन 10 लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों में पांच की हालत गंभीर है। उन्हें सिउरी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दूल्हे के परिवार पर लड़की के परिवार वालों ने मारपीट करने का आरोप लगाया है। खबर लिखे जाने तक इस मामले में दुबराजपुर थाने की पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर किया था।

दरअसल, दुबराजपुर के शिमुडिही गांव के शेख रशीद की बेटी की शनिवार को शादी हुई थी। दूल्हे की तरफ से 60 लोग आए थे। दोनों पक्षों की बातचीत से तय हुआ था कि रविवार को बहुभोज के दिन कन्या पक्ष से 25 लोग जाएंगे।
लेकिन रविवार शाम बहुभोज में कन्या पक्ष से 30 लोग पहुंच गए। आरोप है कि इसी बात को लेकर दूल्हे के घर वालों ने हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। इस घटना के बाद नई दुल्हन अपने पति के साथ रहने को तैयार नहीं है। (HS)


