
सिलीगुड़ी: जन्म देने के बाद एक मां पर नवजात को गला दबाकर हत्या के बाद जंगल में फेंकने का आरोप लगा है। शुक्रवार सुबह घटना प्रकाश में आते ही नक्सलबाड़ी थाना अंतर्गत स्टेशन पाड़ा इलाके में सनसनी फैल गई।

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात महिला ने बच्चे को जन्म दिया था। सुबह सड़क पर खून देखकर पड़ोसियों को शक हुआ। जिसके बाद महिला से पूछताछ करने पर मामला सामने आया। घटना की खबर नक्सलबाड़ी पुलिस को दी गई। खबर पर पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को जंगल से बरामद कर नक्सलबाड़ी ग्रामीण अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने नवजात को मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, महिला (34) कुछ साल पहले अपने पति से अलग होने के बाद स्टेशन पाड़ा स्थित पिंकी दास के घर में रहती थी। वह आसपास के इलाके में नौकरानी का काम कर अपना परिवार चलाती थी। किसी को पता ही नहीं चला कि वह गर्भवती थी। दूसरी तरफ, महिला को नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस ने हिरासत में लेकर नक्सलबाड़ी ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस पूरी घटना की जांच में जुट गई है।


