
Kolkata: दमदम हवाईअड्डे पर हुए रैपिड टेस्ट में एक विदेशी महिला यात्री कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। संक्रमण की पुष्टि होते ही महिला को दमदम हवाई अड्डे से सीधे बेलेघाटा आईडी अस्पताल ले जाया गया। महिला यात्री के पास ब्रिटिश पासपोर्ट है। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक वह ऑस्ट्रेलिया की रहने वाली है। उन्हें फिलहाल आइसोलेशन में रखा गया है। कोविड टेस्ट किया जा रहा है।

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक रैपिड टेस्ट में महिला में कोरोना की पुष्टि हुई थी। इसके अलावा उनमें कोरोना के लक्षण भी हैं। उसके बाद महिला को एयरपोर्ट से बेलेघाटा आईडी अस्पताल भेजा गया। बेलेघाटा आईडी अस्पताल सूत्रों के मुताबिक 48 वर्षीय महिला के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। उन्हें पहले एंबुलेंस से एयरपोर्ट से इमरजेंसी विभाग लाया गया। वहीं, डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें आइसोलेशन वार्ड में रखने का फैसला किया है।

हाल ही में चीन समेत कई पूर्वी एशियाई देशों में कोरोना महामारी का ”विस्फोट” देखने को मिला है। हर बार की तरह इस बार भी सर्दी में कोरोना का डर लौट रहा है। भारत भी कोरोना वायरस की चपेट में आ चुका है। इसी का नतीजा है कि देश के एयरपोर्ट्स पर गतिविधियां शुरू हो गई हैं। विदेश से आने वाली फ्लाइट्स के मामले में निगरानी बढ़ा दी गई है। नए प्रतिबंध भी जारी किए गए हैं। ऐसे में दमदम एयरपोर्ट पर कोरोना के लक्षण वाला पहला मरीज पकड़ा गया। सुनिश्चित करने के लिए महिला का आरटीपीसीआर टेस्ट कराया जाएगा। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, वह एक समारोह में शामिल होने के लिए बोधगया जा रही थी।


