North 24 Parganas: टीटागढ़ में स्कूल की छत पर हुए बम विस्फोट मामले (bomb blast case) में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। रविवार को बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट आलोक राजोरिया ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया है कि आरोपितों ने व्यक्तिगत आक्रोश के कारण इस अपराध को अंजाम दिया।
उन्होंने बताया कि चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से तीन का घर उड़ानपाड़ा में है और एक आरोपित का घर एके आजाद रोड पर है। पुलिस पूछताछ में इन लोगों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। गिरफ्तार रेहान नमक युवक के घर से 10 बम बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए तीन आरोपित उस स्कूल के पूर्व छात्र बताए जाते हैं। यह बमबारी व्यक्तिगत आक्रोश के कारण हुई थी। फ़िलहाल उनसे पूछताछ कर यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि उन्हें बम कहां से मिला।
उल्लेखनीय है कि शनिवार सुबह टीटागढ़ थाना क्षेत्र के एक स्कूल की छत पर जोरदार धमाका हुआ था। बम विस्फोट की घटना के समय स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं। इस घटना की वजह से इलाके में हड़कंप मच गया। शनिवार को भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने घटना की सीबीआई जांच की मांग की थी। उधर, सांसद अर्जुन सिंह ने सवाल किया कि क्या ऐसी घटना स्कूल खाली कराने के लिए की गई थी।