Howrah: जिले के शालीमार इलाके में जीआरपी लॉकअप (GRP Lockup) का ताला तोड़ दो आरोपितों के फरार होने की खबर सामने आई है। रेलवे पुलिस सूत्रों के अनुसार फरार कैदियों के नाम राजू हरि और समीरुल मोल्ला हैं। शालीमार जीआरपी ने इन दोनों को गिरफ्तार किया था। इस घटना से रेलवे पुलिस में सनसनी फैल गई है।

रेलवे पुलिस सूत्रों के अनुसार इन पर हत्या के आरोप हैं। फरार हुए दो युवकों पर दोस्त की हत्या का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि 17 साल के शुभम हरि को उन्होंने 17 अगस्त को आबादा स्टेशन पर चलती लोकल ट्रेन से धक्का दे दिया। रेलवे पुलिस ने उसे घायल अवस्था में उलुबेरिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन शुभम को बचाया नहीं जा सका और उसकी अस्पताल में मौत हो गई। उसके बाद शुभम के परिजनों ने उसके दो दोस्तों ने राजू हरि और समीरुल मोल्ला के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

उनकी शिकायत थी कि दो दोस्तों राजू हरि और समीरुल मुल्ला ने उनके बेटे शुभम को ट्रेन से धक्का दे दिया। रेलवे पुलिस ने शिकायत के आधार पर राजू हरि व समीरुल मुल्ला को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद जीआरपी पुलिस ने उन्हें लॉकअप में रखा था। जहां से वे ताला तोड़कर फरार हो गए। उनके वहां से भागने की घटना की रेलवे पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। रेलवे पुलिस के आला अधिकारी और हावड़ा सिटी पुलिस के शिवपुर थाना के अधिकारी मौके पर पहुंचे। वे इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं।



