
Cooch Behar(West Bengal): तीन दिनों तक अपने बेटे के शव के पास एक लाचार और बीमार मां पड़ी रही। शनिवार को मामले की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और वृद्ध महिला को एमजेएन मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना कूचबिहार शहर के 14 नंबर वार्ड के मैगजीन रोड एक्सटेंशन इलाके की है।

स्थानीय और पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इलाके के निवासी विश्वजीत आचार्य अपनी बूढ़ी मां के साथ अपने घर मे रहते थे। विश्वजीत की मां छायारानी आचार्य की उम्र 95 वर्ष है। विश्वजीत अत्यधिक मात्रा में शराब पीते थे। पिछले कुछ दिनों से वे इलाके में दिख नहीं रहे थे।

शनिवार को विश्वजीत के घर से आ रहे दुर्गंध के तरफ स्थानीय लोगों का ध्यान गया। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब घर का दरवाजा तोड़ा तो देखा कि एक कमरे में विश्वजीत का गला हुआ शव पड़ा हुआ था।
पास ही उसकी मां छायारानी आचार्य बीमार और लाचार अवस्था में पड़ी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने विश्वजीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया एवं उसकी मां को अस्पताल भिजवाया।
पुलिस का अनुमान है कि तीन दिन पहले विश्वजीत की मौत हो चुकी थी। शारीरिक लाचारी के कारण छायारानी कमरे से निकल नहीं पाई।


