
Patna: बिहार (Bihar) में दो ट्रफ रेखाओं और पूर्वी हवा के प्रभाव से अगले 24 से 48 घंटे के बीच उत्तर पूर्वी भागों के कुछ स्थानों पर और बिहार के एक दो स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग (weather department) के अनुसार मध्य प्रदेश और ओडिशा से बिहार तक जुड़ रही ट्रफ रेखाओं की वजह से बारिश हो रही है। विभाग ने इसे प्री मानसून (pre monsoon) का असर बताते हुए आने वाले 48 घंटे तक बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। हालांकि, अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा, जबकि दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 4 डिग्री तक की बढ़ोत्तरी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार पूरे बिहार में पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हवा का प्रवाह जारी है। हवा के प्रभाव की वजह से मौसम में बदलाव आ रहा है। कहीं हवा की रफ्तार काफी तेज हो रही है तो कहीं भीषण गर्मी है। पूरब पश्चिम ट्रफ रेखा पश्चिमी मध्य प्रदेश में बने हुए चक्रवाती परिसंचरण क्षेत्र से बिहार से गुजर रही है। वहीं, अन्य उत्तर दक्षिण ट्रफ रेखा पूर्वी बिहार से उत्तरी ओडिशा तक स्थित है। इसको लेकर मौसम में बड़ा परिवर्तन देखा जा रहा है। इधर, कुछ दिनों से बारिश के कारण मौसम में ठंडापन महसूस हो रहा है।