Ranchi: झारखंड के जिलों में जून जैसी गर्मी पड़ने लगी है। कई जिलों में आसमान से आग बरस रहा है। सूरज ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। यह सिलसिला पिछले दो दिनों से जारी है। मौसम विभाग ने गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा जिले में सोमवार को लू चलने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार इस समय गढ़वा ऐसा जिला है, जहां सबसे अधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस है। पलामू, धनबाद, चतरा जिले में इस समय अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। यहां यह स्थिति सोमवार को भी बनी रहेगी।
सड़कों पर वीरानगी पसरी हुई है। भीषण गर्मी के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। अभी लू का असर नहीं दिख रहा है। रविवार का दिन होने के कारण सभी स्कूल, कालेज और सरकारी-गैर सरकारी कार्यालय बंद हैं। इस कारण भी भीड़ कम नजर आ रही है। धूप काफी तेज है। ऐसा लग रहा कि आसमान से इस समय आग बरस रहा है।
13 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री
पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, कोडरमा, लातेहार, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, बोकारो, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज में अधिकतम तापमान इस समय 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग जिले में अन्य जिलों की तुलना में स्थिति थोड़ी राहत भरी है। इन पांच जिलों इस समय अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस है।
रांची और खूंटी में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस
राज्य में इस समय सबसे अधिक राहत दो जिलों के लोग महसूस कर रहे हैं। राजधानी रांची में इस समय अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस है। वहीं, पड़ाेसी जिला खूंटी में भी तापमान 38 डिग्री सेल्सियस है। राज्य के यही दो ऐसे जिले हैं, जहां तापमान अन्य जिलों की तुलना में कम है। मौसम विभाग के अनुसार दोनों जिलों में अन्य जिलों की तुलना में तापमान कम ही रहता है। सोमवार को भी यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। रांची में रविवार सुबह से ही धूप छांव का खेल जारी है।