New Delhi: उत्तर भारत (North India) कड़ाके की ठंड(Severe Cold) की चपेट में है। फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने चेताया है कि अभी तीन-चार दिन दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और छत्तीसगढ़ शीतलहर की चपेट में होंगे। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में पांच दिन न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। कुछ राज्यों में 24 घंटे में हल्की बारिश का पूर्वानुमान है।
मौसम विज्ञान विभाग ने पंजाब के उत्तरी हिस्सों, हरियाणा के कुछ हिस्सों, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और पूर्वोत्तर भारत के कुछ इलाकों में 27 और 28 जनवरी को मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। साथ ही अगले पांच दिन में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश हो सकती है। विभाग ने पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार उत्तरी मैदानी इलाकों में उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं चल रही हैं। इसके कारण दिल्ली समेत कई राज्यों में सर्द मौसम से लोग बेहाल हैं। दिल्ली में मंगलवार देररात तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बुधवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 31 जनवरी तक ठंड से कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
मौसम विज्ञान विभाग ने बिहार के न्यूनतम तापमान में अगले तीन दिन में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की कमी आने का अनुमान जताया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 28 जनवरी से फिर से ठंडी हवाएं चलने से तापमान गिरेगा। इससे बिहार के कई इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है।