रांची : बंगाल की खाड़ी में चक्रवात के कारण निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इस कारण 12 सितंबर को झारखंड के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश होगी। इसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
राज्य के देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसांवा में भारी बारिश का असर दिखेगा। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान (Jharkhand Weather Forecast) में बताया है कि बंगाल की खाड़ी में आज शनिवार को चक्रवात आ रहा है। इससे निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इस कारण बंगाल के साथ-साथ झारखंड के कोल्हान और संताल इलाके में कहीं-कहीं रविवार को भारी बारिश हो सकती है।
इस चक्रवात का आंशिक असर झारखंड के करीब-करीब सभी जिलों में पड़ेगा। मौसम केंद्र के अनुसार चक्रवात का ज्यादा असर 12 सितंबर यानी रविवार को उत्तर-पूर्वी (देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ तथा साहिबगंज) तथा दक्षिणी (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां) में दिखेगा। ये जानकारी मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में दिया है।
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम व पश्चिमी सिंहभूम में कुछ ही देर में मेघ गर्जन होगा और बारिश की संभावना है। इस दौरान वज्रपात की भी आशंका जतायी गयी है।