रांची: झारखण्ड के ज़्यादातर हिस्से में आज भी पूरे दिन गर्मी सताएगी। हालाँकि शाम तक एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक दोपपहर बाद रांची, बोकारो, गुमला, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, खरसावां और सिमडेगा में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इससे लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी।
इस बार राज्य में 15 जून तक मानसून आने संभावना जताई जा रही है। फिलहाल मानसून अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश के साथ बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हो रहा है। यही कारण है कि राज्य में उमस काफी बढ़ी हुई है।
वहीं राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। हालांकि कहीं-कहीं मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गयी। राज्य में सबसे ज्यादा बारिश मैथन में 27 मिमी रिकार्ड की गयी। इसके साथ ही सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान दुमका में 40.8डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान चाइबासा में 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में जून में अभी तक औसत वर्षा से 12 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।